सरेराह किशोरी से दरिंदगी का प्रयास, किया निर्वस्त्र
शोर मचाने पर नग्न अवस्था में छोड़ भाग निकाला आरोपी, शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
सरायअकिल इलाके में सोमवार को दरिंदे ने सरेराह किशोरी से दुराचार की कोशिश की। खेत में उठा ले जाने के बाद मुंह में कपड़ा ठूंसते हुए निर्वस्त्र कर दिया। चीखपुकार सुन लोगों को आता देख आरोपी उसे छोड़कर भाग निकला। तहरीर के बाद भी थाना पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर बुधवार को पीड़िता ने एसपी से शिकायत कर इंसाफ की गुहार लगाई।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी सोमवार की शाम खेत की ओर जा रही थी। पहले से घात लगाकर बैठा गांव का युवक अकेली देख उसे दबोच कर झाड़ी के पीछे उठा ले गया। इसके बाद मुंह में गमछा ठूसते हुए निर्वस्त्र कर दिया। दरिंदे के चंगुल में फंसी किशोरी आबरू बचाते हुए चीख पड़ी। किशोरी की चीख सुन आस-पास खेतों में मौजूद लोग घटना स्थल की ओर दौड़े । अस्त-व्यस्त कपड़ों में घर पहुंची पीड़ित किशोरी की दशा देख परिजनों के होश उड़ गए। पिता के साथ पीड़िता शिकायत लेकर थाने पहुंची। आरोप है कि पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख बुधवार को किशोरी ने घटना की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी प्रदीप गुप्ता ने सरायअकिल कोतवाल को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
रंगदारी के लिए मासूमों को अगवा करने की धमकी
कहा: रकम नहीं मिली तो स्कूल से घर नहीं लौटेंगे बच्चे
धमकी से सहमा कुनबा, एसपी ने दिलाया कार्रवाई का भरोसा
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
पूरांमुफ्ती के उजिहिनी आइमा गांव का एक कुनबा दबंगों की धमकी से सहमा हुआ है। दो दिन पहले दबंगों ने 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगते हुए मासूम बच्चों को अगवा करने की धमकी दी। कहा कि यदि दो दिन के भीतर रकम नहीं मिली तो स्कूल से बच्चे घर नहीं लौटेेंगे। बुधवार को मंझनपुर पहुंचे कुनबे ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए न्याय की गुहार लगाई।
पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के उदिहिनी आइमा गांव साबिरा पत्नी असीर उद्दीन, नुसरत पत्नी अबू कैंस ने बताया कि उनके पति कमाई के सिलसिले में अक्सर बाहर रहते हैं। घर पर वह बच्चों के साथ रहती है। शनिवार की शाम दबंगाें ने घर पर धावा बोल दिया। घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए 25 हजार नगदी उठा ले गए। आरोप है कि जाते-जाते हमलावरों ने दो दिन के भीतर 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। धमकी दिया कि यदि दो दिन के भीतर रकम नहीं मिली तो स्कूल जाने वाले बच्चे घर नहीं लौटेंगे। दबंगों की धमकी से सहमा कुनबा बुधवार को मंझनपुर पहुंचा और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी प्रदीप गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरामुफ्ती कोतवाल को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।