बेकाबू ट्रक ने वृद्धा को कुचला, चक्काजाम
सरायअकिल इलाके के तरनी गांव के समीप हुआ हादसा
घटना से पीड़ित परिवार में मचा कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
नेवादा/सरायअकिल।
इलाके के तरनी गांव के समीप सोमवार शाम बेकाबू ट्रक ने चारा काटकर लौट रही वृद्धा को कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने इलाहाबाद-मंझनपुर लिंक मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे बाद सीओ के आश्वासन पर आक्रोशित लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इसके बाद मार्ग बहाल हो सका।
तरनी गांव की बेला देवी पत्नी रामस्वरूप (65) सोमवार शाम मवेशियों के लिए चारा काटने खेत गई थी। लौटते वक्त गांव की मुख्य सड़क पर पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रक ने उसको कुचल दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना देख आसपास रहे लोग सन्न रह गए। जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। वृद्धा के परिजन भी आ गए। परिवार वालों और ग्रामीणों ने इलाहाबाद-मंझनपुर लिंक मार्ग जाम कर दिया। वह ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई व आर्थिक सहायता की मांग कर रहे थे। इधर हंगामे की खबर मिलते ही सीओ चायल एसएस ग्रोवर सरायअकिल थाने की फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। करीब एक घंटे बाद सीओ ने कार्रवाई तथा आर्थिक मदद का भरोसा दिलाकर जाम खत्म कराया। पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से पीड़ित परिवार के सदस्यों की रो-रोकर हालत खराब है। बतादें कि लिंक मार्ग जाम होने की वजह से यातायात व्यवस्था पर इसका कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा।
फोटो नं-9,10
छात्र को बचाने में पलटा ट्रक, हाईवे जाम
सैनी कोतवाली के अजुहा कस्बे के समीप हुआ हादसा
लगभग एक घंटे बाद मार्ग बहाल करवा पाई पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
अजुहा। इलाहाबाद-कानपुर नेशनल हाईवे पर अजुहा कस्बा स्थित सब्जी मंडी के पास सोमवार शाम छात्र को बचाने में एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसकी वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। गनीमत ये रही कि किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई।
सैनी कोतवाली इलाके के कनवार गांव का सुंदरम पुत्र रमेश अजुहा स्थित निजी स्कूल में पांचवीं का छात्र है। सोमवार शाम छुट्टी के बाद साइकिल से वह घर लौट रहा था। अजुहा में ही सब्जी मंडी के पास अचानक ट्रक के सामने आ गया। छात्र को बचाने के चक्कर में चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाई। ऐेसे में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हाईवे पर ट्रक पलटने की वजह से करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने पसीना छोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह ट्रक को किनारे कराया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका। हादसे में छात्र बाल-बाल बच गया। वहीं, ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
फोटो नं-5