निर्वाचित अध्यक्ष के घर दबंगों ने फेंका बम
-सरायअकिल में मतगणना के बाद हुई घटना, बाइक जली, अफरा-तफरी
फोटो नं-64-बम फटने के बाद नव निर्वाचित चेयरमैन के आवास पर घटना की जांच करती पुलिस
फोटो नं-65-बम फटने से जली बाइक
अमर उजाला ब्यूरो
सरायअकिल (कौशाम्बी)। नव निर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष के घर पर शुक्रवार शाम बाइक सवार हमलावरों ने बम फेंक दिया। धमाके से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। बम की चिंगारी से घर के समीप खड़ी बाइक धूं-धूंकर जल गई। सूचना मिलते ही सीओ पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
चायल के पूर्व विधायक शिवदानी निकाय चुनाव में नगर पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव लड़े थे। मतगणना के बाद जीत का सेहरा बंधने पर शुक्रवार शाम वह घर पर लोगों के साथ बैठे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने चलती बाइक से उनके घर पर बम फेंक दिया। बम धमाके से कस्बे में अफरा-तफरी मच गई। आग की जद में आने से घर के सामने खड़ी बाइक धं-धूंकर जल गई। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। पूर्व विधायक के घर हमले की जानकारी होते ही सीओ चायल पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। मौका मुआयना के साथ ही पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। कोतवाल राकेश चौरसिया ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सरेशाम हुए बम के हमले से कस्बे में दहशत फैल गई।
पड़ोसी की पिटाई से जख्मी युवक की मौत
नेवादा (ब्यूरो)। पिपरी के आलमपुर गांव में पुरानी रंजिश में हुई मारपीट के दौरान घायल ननकू लाल पुत्र बुधई की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
डीएम और एसपी ने दी बधाई
मंझनपुर (ब्यूरो)। शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव सम्पन्न होने पर डीएम मनीष कुमार वर्मा और एसपी प्रदीप कुमार गुप्ता ने मातहतों को बधाई दी है। दोनों अधिकारियों ने कहा कि चुनाव में लगे सभी अफसरों व कर्मियों ने ईमानदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन किया। इसी का नतीजा रहा कि सब कुछ ठीक है।