फोर्स की नौकरी के नाम दस युवकों से ऐंठे पांच लाख
सरायअकिल इलाके की महिला ने की जालसाजी, शिकायत
चायल (ब्यूरो)। सरायअकिल कोतवाली की एक जालसाज महिला ने फोर्स में नौकरी दिलाने के नाम पर दस बेरोजगारों से पांच लाख रुपये ऐंठ लिए। तय समय पर नौकरी नहीं मिलने पर रुपयों की मांग करने गए युवकों को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित युवकों ने मंगलवार को समाधान दिवस में मामले की शिकायत की।
चरवा के पक्सराई गांव निवासी सोहनलाल पुत्र शिवमंगल बेरोजगार है। दो साल पहले जून 2017 में उसकी मुलाकात सरायअकिल सरायअकिल इलाके के अमवां गांव में रहने वाली एक महिला से हुई। महिला ने अपने जुगाड़ के जरिए सोहन को फोर्स में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। झांसे में फंसकर सोहन ने खुद के साथ ही नौ अन्य रिश्तेदारों से 50-50 हजार करके पांच लाख रुपया दे दिया। तय समय गुजरने के बावजूद नौकरी नहीं मिलने पर बेरोजगार युवकों ने रविवार को जालसाज महिला से अपने रुपये वापस मांगे तो आरोप है कि उसने सभी से बदसलूकी की। साथ ही धमकी दी कि कहीं शिकायत की तो फर्जी मुकदमे में फंसा दिया जाएगा। पीड़ितों की शिकायत पर सीओ चायल राजकुमार त्रिपाठी ने सरायअकिल कोतवाल प्रदीप राय को मामले की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया।