विवाहिता ने खुद को चाकू से गोदा, लहूलुहान
घरेलू कलह से आजिज आकर आत्मघाती कदम उठाए जाने की चर्चा, अस्पताल में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोतवाली के टेवां गांव की एक विवाहिता ने बुधवार की सुबह खुद को चाकू से गोदकर लहूलुहान कर लिया। विवाहिता की चीख सुन घर-परिवार के लोग भागकर मौके पर पहुंचे और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि विवाहिता ने खुद अपने को चाकू से गोदा या फिर उसे ससुराल वालों ने लहूलुहान किया इसे लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हैं।
मंझनपुर कोतवाली के टेवां गांव की साबिरा बानो(45) पुत्र मोहम्मद हुसैन बुधवार की सुबह घर के भीतर बने बाथरूम में खुद को चाकू से गोद लहूलुहान कर लिया। चीख सुन घर-परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बाथरूम से बाहर निकालते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। विवाहिता ने खुद अपने ऊपर जानलेवा हमला किया या फिर घर के भीतर अपनों के गुस्से का शिकार हुई। इसे लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हैं। कहा जा रहा है कि घरेलू कलह से आजिज आकर विवाहिता ने आत्मघाती कदम उठाया है। मामले में मंझनपुर कोतवाल धनंजय वर्मा ने ऐसी किसी भी जानकारी से इंकार किया है। कहा कि यदि तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।