सिराथू। मंझनपुर थाना क्षेत्र के गंभीरा के किसान उमाशंकर पर सिराथू तहसील में शुक्रवार दोपहर बुलेट सवार युवकों ने कातिलाना हमला किया। किसान को दौड़ाकर गोली मारने का प्रयास किया गया, लेकिन वह एसडीएम की कोर्ट में घुस गया। तमंचा देख तहसील में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस आई तो युवक बुलेट छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने किसान की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गंभीरा निवासी उमाशंकर का गांव के ही राजेंद्र प्रसाद आदि से जमीनी विवाद चल रहा है। कई बार दोनों पक्ष आमने-सामने आ चुके हैं। उमांशकर शुक्रवार को सिराथू एसडीएम से मिलने तहसील गया था। दोपहर करीब तीन बजे वह कैंटीन में बैठा था। इसी दौरान राजेंद्र प्रसाद अपने साथी अजीत व गोलू के साथ वहां पहुंच गया। कैंटीन में उमाशंकर को देख तीनों लोगों ने उसे घेरकर तमंचा निकाल लिया। राजेंद्र के हाथ में तमंचा देखते ही उमाशंकर जान बचाने के लिए भागकर एसडीएम की कोर्ट में घुस गया।
वहीं हमलावरों को देखकर तहसील में अफरा-तफरी मच गई। कैटीन में बैठे लोग भाग निकले। सूचना पर पुलिस आई तो हमलावर बुलेट छोड़कर भाग निकले। पुलिस अपने साथ उमाशंकर को कोतवाली ले गई। पूछताछ करने के बाद उमाशंकर से तहरीर ली। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर राकेश चौरसिया का कहना है कि मामला संदिग्ध है। दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है।
तहसील में किसान को तमंचा लेकर दौड़ाया
बुलेट से आए युवकों की दबंगई देख मची अफरा-तफरी
पुलिस के पहुंचने पर बुलेट छोड़कर भागे युवक