एमडीएम की सब्जी में सूड़ी निकलने पर स्कूल प्रबंध समिति पदाधिकारियों और शिक्षिका में विवाद हो गया। दोनों ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। गांव के लोगोें ने एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और एक ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।
गांव सुखदासपुर के प्राथमिक स्कूल प्रबंध समिति के अध्यक्ष रनवीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को प्र्रबंध समिति उपाध्यक्ष राजरानी के पति के साथ एमडीएम के निरीक्षण को जब वह स्कूल पहुुंचे तो सब्जी के लिए काटे जा रहे टमाटरों में सूड़िया निकलीं। आरोप है कि विरोध पर शिक्षिका और उसके पति ने अभद्रता शुरू कर दी।
उधर, शिक्षिका से अभद्रता की शिकायत पर पुलिस ने प्रबंध समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पति को हिरासत में ले लिया। जब इसकी भनक ग्रामीणों को लगी तो वे कोतवाली पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी इंस्पेक्टर को दी। इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह ने बताया कि मामला शिक्षा विभाग से संबंधित होने पर दोनों के शिकायती पत्र बीएसए को भेजकर जांच कराने की संस्तुति की गई है।
उधर, गांव के लोगों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर खराब एमडीएम बनवाने के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जांच कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालो में रनवीर सिंह, ऊषा देवी, श्रीकृष्ण, रूम सिंह यादव, आजाद सिंह, रामवीर, अमित, सियाराम, बैजनाथ, हरनाम सिंह, राममूर्ति आदि थे। शिक्षिका का कहना है कि एमडीएम की सब्जी में सूड़ी नहीं निकली। कुछ लोग बेवजह के आरोप लगा रहे है।