डेयरी प्लांट के नाम पर युवक से ठगी
-जहरखुरानों ने नशीला पदार्थ खिलाकर पांच लाख रुपए छीने, शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। चित्रकूट का एक व्यक्ति डेयरी प्लांट के नाम पर ठगी का शिकार हो गया। फरेबियों ने बहाने से करारी इलाके में लाने के बाद नशीला पदार्थ खिलाकर उससे पांच लाख रुपए छीन लिए। रकम वापसी की मांग पर उसे जान से मारने की धमकी दी। शनिवार को भुक्तभोगी ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
चित्रकूट जिले के (रैपुरा) कौबरा गांव निवासी सोनी मिश्रा पुत्र शंकर दयाल ने बताया कि उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया और सामने वाले डेयरी प्लांट लगवाए जाने की बात कही। इस पर उसने गांव के युवकों से सलाह ली। पखवारे भर पहले चार पांच लोग गांव गए और उससे पांच लाख रुपए जमा करने को कहा। फरेबियों के झांसे में आने के बाद वह रकम लेकर साथ चल दिया। करारी लाने के बाद उसे गाड़ी में ही नशीला पदार्थ खिला दिया गया। बेहोश होने पर बैग में भरी रकम लेकर चालबाज उसे राजापुर के समीप एक महुआ की बाग में फेंक पर भाग निकले। होश आने पर वह घर पहुंचा और आपबीती परिजनों को बताया। दूसरे दिन वह रकम मांगने आरोपियों के घर पहुंचा तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि जिन लोगों ने उसके साथ छलावा किया वह जहरखुरान गिरोह के सदस्य हैं। पहले भी कई लोगों को लूट चुके हैं। शनिवार को मंझनपुर पहुंचे पीड़ित युवक ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए न्याय की गुहार लगाई।