शव दफनाने को लेकर बलीपुर में तनाव
-रविवार रात ठंड लगने से वृद्ध की हो गई थी मौत
-शिकायत के बाद भी अफसर बने रहे मूकदर्शक, ग्रामीणों ने उग्र लोगों का कराया शांत
अमर उजाला ब्यूरो
चायल (कौशाम्बी)। चरवा के बलीपुर टाटा गांव में सोमवार सुबह शव दफनाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। रविवार रात गांव के एक वृद्ध की मौत हो गई थी। सुबह परिवार के लोग शव लेकर कब्रिस्तान पहुंचे थे। आरोप है कि तहसील प्रशासन ने कब्र की जमीन का पट्टा कर दिया है। ग्रामीणों के समझाने पर खेत में शव दफन कर दिया गया।
दोआबा में कातिल ठंड का कहर बरप रहा है। रविवार रात ठंड की चपेट में आने से चरवा के बलीपुरटाटा गांव के मोहम्मद इशहाक (85) की मौत हो गई। वृद्ध की मौत के बाद सुबह घर परिवार के लोग शव लेकर कब्रिस्तान पहुंचे तो गांव के एक परिवार ने विरोध करते हुए शव दफनाने से रोक दिया। दो पक्षों के बीच रार देख मौके पर लोगों का मजमा जमा हो गया। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस के साथ सीओ से की पर किसी ने नहीं सुनी। मामला बिगड़ता देख गांव के बुद्धिजीवियों ने उग्र लोगों को समझाते हुए शांत कराया। ग्रामीणों के समझाने के बाद पीड़ित परिवार ने शव भूमिधरी में ले जाकर दफन किया। वृद्ध की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।