बाइक सवार ने महिला को रौंदा, मौत
-शुक्रवार सुबह सौरई बुर्जुग गांव के समीप हुई घटना, कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
सिराथू(कौशाम्बी)। सैनी कोतवाली के सौरई बुर्जुग गांव के समीप शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार बाइक सवार ने महिला को रौंद दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
सैनी कोतवाली के सौर्रई बुजुर्ग गांव की शिवकली (55) शुक्रवार सुबह घर से खेत जाने के लिए निकली थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह गांव की नहर के समीप पहुंची इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा देख आस-पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी परिजनों को दी। आनन-फानन घर वाले महिला को नजदीकी अस्पताल ले गए। मगर डॉक्टराें ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पति रामदास की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
--------------------------
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक घायल
पश्चिमशरीरा (ब्यूरो)। पूरबशरीरा गांव के समीप शनिवार सुबह अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद वाहन चालक युवक को सड़क किनारे तड़पता छोड़कर भाग निकला। युवक को घायल देख आस-पास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मगर पुलिस मौके पर नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों ने घायल युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि युवक महेवाघाट के भगत का पुरवा गांव का विजय पुत्र गिरधारी है। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है।