करंट की चपेट में आने से युवक की मौत
-घर का टेबल फैन ठीक करते समय हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
सरायअकिल (कौशाम्बी)। इछना गांव में रविवार दोपहर करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। टेबल फैन ठीक करते समय हादसा हुआ। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के इछना निवासी मनोज कुमार (30) पुत्र गौकरन रविवार दोपहर घर में मौजूद था। बिजली आपूर्ति ठप होने के बाद वह खराब पडे़ टेबल फैन को ठीक करने लगा। इसी दौरान अचानक बिजली आ गई और वह करंट की जद में आकर पंखे से चिपक गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख घर-परिवार के लोग सन्न रह गए। युवक के मौत की खबर ग्रामीणों को मिली तो मौके पर मजमा लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से बूढ़ी मां के साथ पत्नी और भाईयों का रो-रोकर हाल बेहाल है। मनोज की एक साल पहले बसुहार की पूजा के साथ शादी हुई थी। पति की मौत से पूजा बेसुध है। मनोज चार भाईयों में सबसे छोटा था।
बीमार महिला ने तालाब में लगाई छलांग, मौत
- कैंसर से पीड़ित थी महिला, परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल
अमर उजाला ब्यूरो
चायल (कौशाम्बी)। चरवा के बरौलहा में रविवार दोपहर बीमार महिला ने गांव के तालाब में कूदकर जान दे दी। हादसा देख आसपास मौजूद लोग भागकर मौके पर पहुंचे। शव तालाब से बाहर निकालते हुए घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
बरौलहा की सुशीला देवी (45) पत्नी रामचंद्र कई साल से कैंसर की चपेट में थी। परिजन उसका इलाज करा रहे थे। इलाज में मोटी रकम लग चुकी थी। इससे परिजनों की माली हालत भी खराब हो गई थी। परिवार कर्ज में डूबता जा रहा था। वहीं बीमारी की वजह से सुशीला देवी आजिज आ गई थी। इससे क्षुब्ध होकर सुशीला देवी रविवार दोपहर वह खेत जाने के बहाने घर से बाहर निकली। इसके बाद गांव के बाहर स्थित तालाब में छलांग लगा दी। गहरे पानी में जाने से महिला की डूबकर मौत हो गई। हादसा देख आसपास मौजूद लोग हादसे की जानकारी परिजनों को देते हुए शव बाहर निकाला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।