बेकाबू जायलो ने पिता-पुत्र को रौंदा, मौत
मृतक की दो बेटियां और बहन हुई घायल, कोहराम
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के सैंता गांव के समीप हुआ दर्दनाक हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
मूरतगंज। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के सैंता गांव के समीप बुधवार शाम बेकाबू जायलो ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की दो बेटियां और बहन घायल हो गईं। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
भरवारी कस्बा निवासी महमूद अहमद (45) पुत्र कुबूल सऊद अरब में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। अभी छह महीने पहले ही वह घर आया था। बुधवार शाम बेटे अजीम (12), बेटी रुबा (15), अजीमा (6) और बहन सागुफ्ता (20) के साथ एक ही बाइक से किसी काम से मूरतगंज जा रहा था। सैंता गांव के समीप भरवारी नगर पालिका परिषद कर्मचारियों ने कूड़े के ढ़ेर में आग लगवाई थी। जिसकी बदौलत धुआं उठ रहा था। धुएं की वजह से जायलो चालक कुछ समझ नहीं पाया और उसने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में महमूद तथा उसके बेटे अजीम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य सभी लोग घायल हो गए। दुर्घटना देख आसपास रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों ने आननफानन एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं।
फोटो नं-20,21,22
तालाब में डूबने से सगे भाइयों की मौत
पिपरी कोतवाली क्षेत्र के बूंदा गांव में बुधवार सुबह हुआ हादसा
मां के साथ वैवाहिक समारोह में शामिल होने बूंदा गए थे दोनों भाई
अमर उजाला ब्यूरो
चायल। पिपरी कोतवाली क्षेत्र के बूंदा गांव में बुधवार सुबह नहाते वक्त तालाब में डूबने से सगे भाइयों की मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए मृतकों के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
कोखराज इलाके के रसूलपुर काजी गांव निवासी फिरोज की पत्नी आसिया अपने बेटे सहजान (10) और इमरोज (13) के साथ सोमवार को पिपरी के बूंदा गांव बहन के बेटे मो. वसीम की शादी में शामिल होने गई थी। मंगलवार को हरदरमऊ से बारात वापस आई। इसके बाद बुधवार सुबह सभी लोग बहूभोज की तैयारियों में जुट गए। इसी बीच सहजान और इमरोज खेलते-खेलते नहाने के लिए गांव के बाहर तालाब पर पहुंच गए। स्नान के दौरान पैर फिसलने से दोनों भाई गहरे पानी में समा गए। कुछ देर बाद बच्चों का शव उतराता देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी पाकर पीड़ित परिजन बदहवाश हालत में तालाब किनारे पहुंचे। परिवार वालों ने ग्रामीणों की मदद से बच्चों का शव बाहर निकाला। परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी नहीं हुए। इसलिए पंचनामा के बाद पुलिस ने लाश परिजनों के हवाले कर दी।
मातम में बदलीं शादी वाले घर की खुशियां
चायल (ब्यूरो)। आसिया की बहन के बेटे की मंगलवार को शादी थी। इसी में शामिल होने के लिए वह दोनों बेटों के साथ बूंदा गई थी। बुधवार सुबह बहूभोज की तैयारियां चल रही थीं। महिलाएं मुहदिखाई की रश्म में लगी हुई थीं। इसी बीच बच्चों की मौत की खबर ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में बदल दिया।
फोटो नं-18