संदिग्ध हालत में रेलवे लाइन पर मिला युवक का शव
12 साल पहले रंजिशन युवक के पिता की हुई थी हत्या
घटना से परिजनों में कोहराम, पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम
अमर उजाला ब्यूरो
मूरतगंज। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर पन्नोई गांव के समीप मंगलवार की सुबह एक युवक का रेलवे लाइन में शव मिला। 12 साल पहले युवक के पिता की रंजिशन गोली मार कर हत्या की गई थी। युवक रेलवे लाइन की तरफ क्या करने गया था। इस बाबत परिजन कुछ बोल नहीं पा रहे हैं। पुलिस ने हादसा मान कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोखराज कोतवाली के गनसरी गांव निवासी मासूक अहमद की 12 साल पहले गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद मासूक की पत्नी रिजवाना चार बेटों व तीन बेटियों को लेकर लोहरा स्थित मायके में आकर रहने लगी। गनसरी में रिजवाना की काफी जमीन थी। उसी पर खेती करके परिवार का भरण-पोषण किया जाता रहा है। रिजवाना के दो बड़े बेटे मुंबई में रहते हैं। रिजवाना के देवर महफूज ने बताया कि मंगलवार की सुबह फोन से बताया कि उनके भजीते अरमान (18) पुत्र स्वर्गीय मासूक का शव पन्नोई गांव के समीप रेलवे लाइन पर पड़ा है। अरमान रेलवे लाइन की तरफ किस काम से गया था। इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। मनोहरगंज रेलवे स्टेशन मास्टर से पुलिस को खबर दिलाया गया। चरवा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घरवाले घटना की बाबत कुछ बता नहीं पा रहे हैं। इंस्पेक्टर अशोक कुमार का कहना है कि अरमान रेलवे लाइन पार करते समय हादसे का शिकार हुआ है।
दबंगों ने ब्यूटी पार्लर संचालिका को किया अगवा
रविवार की शाम कोखराज इलाके में हुई वारदात, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मूरतगंज। कोखराज इलाके की एक बाजार में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली युवती को दबंगों ने अगवा कर लिया। मामले में पुलिस को नामजद तहरीर दी गई। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में दो दिन का वक्त लगा दिया।
कोखराज इलाके के एक गांव में रहने वाली युवती का क्षेत्र की एक बाजार में ब्यूटी पार्लर व कास्मेटिक्स की दुकान है। रविवार की शाम वह पार्लर बंद करके पैदल अपने घर जा रही थी। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर युवती के परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इस बीच पता चला कि मितुवापुर निवासी युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे अगवा कर लिया। इसकी जानकारी होने पर घटना की तहरीर मूरतगंज पुलिस चौकी में दी गई। चौकी पुलिस ने युवती के पिता को कोखराज कोतवाली भेजा। कोतवाली से भी दोबारा उसे चौकी भेजा गया। पुलिसिया खेल से परेशान होकर परिजनों ने मंगलवार को हंगामा किया तो पुलिस ने लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली।