सूदखोर ने कुनबे का जीना किया दुश्वार
नगर कोतवाली के चक थांभा गांव का मामला, एसपी से की गई शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। नगर कोतवाली इलाके के चक थांभा गांव में रहने वाले एक परिवार का सूदखोर ने जीना दुश्वार कर दिया है। वह ब्याज के तौर पर मोटी रकम मांग रहा है। नहीं देने पर जानलेवा धमकी देता है। इससे सहमी महिला ने मंगलवार को एसपी से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की है।
चक थांभा गांव की सुग्गी देवी पुत्री ओम नारायण ने बताया कि नवम्बर 2016 में उसने पड़ोसी सूदखोर से दस हजार रुपया उधार लिया था। किन्हीं कारणों से काफी दिनों तक वह रकम लौटा नहीं सकी। पीड़िता की मानें तो अक्तूबर 2018 में डरा-धमकाकर सूदखोर ने उससे 45 हजार रुपया ले लिया। हिसाब खत्म होने के बाद अब वह 18 हजार फिर से मांग रहा है। आए दिन तकादा करने घर आ जाता है और गाली-गलौज करता है। परिवार के सदस्यों को जिंदा जलाकर मार डालने की धमकी देता है। उसके आतंक से पूरे परिवार का जीना मुश्किल हो गया है। घर के लोग कहीं आने-जाने से कतराने लगे हैं। बच्चों को स्कूल भेजने में भी डर लगता है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर कोतवाल को सूदखोर के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।