पिंडरा। करारी के गढ़हीपर में रविवार रात किराने की एक दुकान से सेंध काटकर चोरों ने नगदी और माल पार कर दिया। दुकानदार ने तहरीर पुलिस को दी है।
गढ़हीपर मोहल्ला निवासी राकेश कुमार केसरवानी ने घर में ही किराने की दुकान खोल रखी है। रविवार रात दुकान बंद करने के बाद वह और उसके परिवार के सदस्य सो गए। इस दौरान सेंध काटकर चोर करीब 50 हजार रुपये व करीब 60 हजार रुपये का सामान उठा ले गए। सुबह दुकानदार को घटना की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। पुलिस ने जांच की। मामले में करारी इंस्पेक्टर भाष्कर मिश्र का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। बतादें कि करारी में 15 दिन के भीतर चोरी की करीब छह घटनाएं हो चुकी हैं। इसे लेकर कस्बाई दहशत में हैं। रविवार को व्यापारियों ने कोतवाली का घेराव कर पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की थी।