घर में घुसकर दंपति को पीटा, लहराए असलहे
पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के अषाढ़ा गांव का मामला, चार के खिलाफ एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के अषाढ़ा गांव में सोमवार शाम पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने घर में घुसकर एक युवक को पीटा। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी की भी पिटाई की गई। हमलावरों ने दहशत फैलाने के लिए असलहे भी लहराए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
अषाढ़ा निवासी समीम अहमद ने बताया कि पूरामुफ्ती इलाके के महगांव में रहने वाले दबंगों से उसकी पुरानी रंजिश है। इसी खुन्नस के चलते सोमवार शाम दबंग घर पर चढ़कर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर पिटाई शुरू कर दी। जान बचाने के लिए युवक भीतर घुस गया तो हमलावरों ने घर में घुसकर उसे पीटा। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी रेशमा की भी पिटाई की गई। चीख-पुकार पर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो आरोपी असलहे लहराते हुए फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने पीड़ित दंपति को मेडिकल के लिए भेज दिया है। मामले में आरोपी नसीम, नदीम, जमीन व मंसूर के खिलाफ एफआईआर लिखी गई है।
पुराने विवाद में युवक को पीटा
मंझनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के डूडी बाग निवासी शिवबाबू मिश्रा ने बताया कि सोमवार शाम वह पड़ोस स्थित पान की दुकान पर बैठा था। तभी पड़ोसी दो दबंग पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर पिटाई शुरू कर दी। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दिया। कार्रवाई नहीं होने पर मंगलवार को एसपी से शिकायत की। एसपी ने नगर कोतवाल को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।