युवती को अगवा कर किया सामूहिक दुराचार
आठ महीने तक मुंबई में रही बंधक, घर लौटने पर खोला राज, शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। सैनी इलाके की एक युवती को अगवा कर दरिंदों ने सामूहिक दुराचार किया। आठ महीने तक मुंबई में बंधक बना उसके साथ मनमानी करते रहे। दरिंदों के चंगुल से छूटी पीड़िता घर पहुंची और आपबीती परिजनों को बताई। बुधवार को पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर इंसाफ की गुहार लगाई।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती पड़ोसी के प्रेम का शिकार हुई। प्रेमी के साथियों ने उसे अगवा कर लिया। कानपुर और सहारनपुर में उसके साथ सामूहिक दुराचार किया। मनमानी का विरोध करने पर दरिंदे उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मुंबई लेकर चले गए। इसके बाद उसे एक कमरे में बंधक बना लिया। बंधक बनी युवती के साथ दरिंदे आठ महीने तक मनमानी करते रहे। सप्ताह भर पहले दरिंदों के चंगुल से छूटी युवती घर पहुंची और आपबीती परिजनों को बताई। बेटी के साथ हुए अत्याचार की कहानी सुन परिजन सन्न रह गए। बुधवार को पिता के साथ मंझनपुर पहुंची पीड़िता ने मामले की नामजद शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। एसपी प्रदीप गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सैनी एसओ को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।
------------------
किशोरी को बहला ले गया पड़ोसी युवक
मंझनपुर(ब्यूरो)। महेवाघाट कोतवाली इलाके के एक गांव की रहने वाली किशोरी को प्रेम जाल में फंसा कर पड़ोस का रहने वाला युवक भगा ले गया। दो दिन पहले किशोरी घर से खेत जाने के बहाने निकली थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू किया। किशोरी के लापता होने के बाद कोतवाली पहुंचे भुक्तभोगी पिता ने पड़ोसी युवक पर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस मामले में टाल-मटोल कर रही है। बुधवार को पीड़ित पिता ने एसपी से गुहार लगाई है।
---------------------------
विवाहिता से दुराचार की कोशिश
मंझनपुर(ब्यूरो)। कौशाम्बी थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम खेत गई विवाहिता के साथ पड़ोसी ने दुराचार का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी कहीं भी शिकायत पर जान से मारने की धमकी देेते हुए भाग निकला। दरिंदे के चंगुल से छूटी विवाहिता घर पहुंची और पड़ोसी युवक की करतूत परिजनों को बताई। पड़ोसी के घर उलहना देते हुए पीड़िता थाने पहुंची और मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। आरोप है कि तहरीर लेने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं किया। इलाकाई पुलिस से न्याय नहीं मिलता देख बुधवार को पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
---------------------