राइफल खोजने में नाकाम दोआबा की खाकी
दो साल पहले सरेराह होमगार्ड से लूटी गई थी राइफल
पुलिस के पन्नों में दफन हुआ राज, अफसर भी घटना को भूले
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
आवाम की सुरक्षा का जिम्मा लेने वाली कौशाम्बी की खाकी खुद की लूटी गई राइफल खोजने में नाकाम साबित हो रही है। दो साल पहले सरेराह बदमाशों ने होमगार्ड से चरवा के समीप राइफल लूटकर भाग निकले थे। कुछ दिन तक तो पुलिस की टीमें सक्रिय रही पर, बाद में घटना को ही भुला दिया। लुटेरे तो दूर पुलिस राइफल का सुराग तक नहीं लगा सकी। राइफल लूट का रहस्य पुलिस के पन्नों में दफन हो गया।
दोआबा के 20 लाख की आबादी की सुरक्षा को तीन सर्किल बनाए गए है। तीनों सर्किल में 12 थाने और दो दर्जन से अधिक पुलिस चौकियां है। इसी सुरक्षा के बीच अपराधियों का भी गढ़ है। जो एक के बाद एक सनसनी खेज वारदात को अंजाम देते रहते है। आवाम का शस्त्र लाईसेंस चोरी का खुलासा तो दूर कौशाम्बी पुलिस अपने सरकारी शस्त्र की भी सुरक्षा नहीं कर सकती है। दो साल पहले 6 अक्तूबर 2015 को चरवा इलाके में होमगार्ड रामप्रताप से दिन दहाड़े सरकारी राइफल लूटकर बदमाश चले गए थे। घटना के दो बरस बीतने के बाद पुलिस को लुटेरे मिलना तो दूर राइफल का सुराग तक नहीं मिल सका। कौशाम्बी पुलिस के लिए खुद की लूटी गई राइफल की बरामदगी जिम्मेदारो के गले की फांस बन सकता है।
----------------------
शस्त्र चोरी की वारदातों पर नजर
0 12 फरवरी 2012 को कोखराज के मोहनपुर गांव के रजिस्टार राधा कृष्ण के घर से राइफल-बंदूक चोरी।
0 7 अक्टूबर 2013 को करारी के फरीदपुर गांव के रिटायर्ड दीवान राम नरेश के घर से बंदूक चोरी।
0 1 नवंबर 2014 को महेवाट के रिटायर्ड सिपाही देशराज के घर से लाईसेंसी बंदूक चोरी।
0 6 अक्टूबर 2015 को चरवा में होमगार्ड राम प्रताप से सरकारी राइफल की लूट
----------------------
कहां गुम हो गई सरकारी राइफल
मंझनपुर(ब्यूरो)। होमगार्ड राम प्रताप से सरेराह लूटी गई सरकारी राइफल कहां गुम हो गई। राइफल को आसमन खा गया या फिर जमीन निगल गई? पुलिस राइफल की बरामदगी के प्रति संजीदा नहीं दिखी। महीने भर पुलिस की गठित टीमें तालाब की काई पीटती रही पर कहीं सुराग नही लगा। राइफल की बरामदगी नहीं होने से चर्चाओं का बाजार गरम है।
------------------
क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक
राइफल लूट के बावत फिलहाल उन्हें जानकारी नहीं है। यदि ऐसी घटना हुई है तो मामले की गहन पड़ताल कराते हुए राइफल के बरामदगी का प्रयास किया जाएगा।
प्रदीप गुप्ता
एसी कौशाम्बी
---------------------