वेतन के तीन लाख डकारे, दो पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के ओसा गांव में रहने वाले एक युवक की तनख्वाह के करीब तीन लाख रुपये शातिरों ने हजम कर लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ओसा निवासी रजनीश पटेल पुत्र श्रीकांत ने बताया कि गांव के ही पंकज मिश्रा व दिनेश त्रिपाठी एक निजी मोबाइल कंपनी में अफसर के पद पर कार्यरत हैं। पीड़ित की मानें तो दोनों ने करीब साल भर पहले उसे पर 30 हजार महीने की तनख्वाह पर कंपनी में सुपरवाइजर की नौकरी दिलाई। दस महीना काम कराने के बाद फूटी कौड़ी भी नहीं दिया। वेतन का करीब तीन लाख हजम कर गए। बताया कि अभी तक रकम मांगने पर आज-कल करके टाल रहे थे। आरोप है कि अब वेतन मांगने पर जान से मार डालने की धमकी देते हैं। कई बार घर पर गाली-गलौच भी कर चुके हैं। इससे परेशान पीड़ित ने दो दिन पहले शिकायत पुलिस से कर दी। जांच के बाद सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया। मामले में नगर कोतवाल राकेश चौरसिया का कहना है कि पूछताछ के लिए आरोपियों को तलब किया गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।