शिक्षिका का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहा प्रधानाध्यापक
कोखराज इलाके का मामला, पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर/कोखराज। प्राथमिक विद्यालय में तैनात एक सहायक अध्यापिका का प्रधानाध्यापक ने अश्लील वीडियो बना लिया। अब उसे ब्लैकमेल कर दो लाख रुपये की मांग करने लगा। पीड़िता की तहरीर पर कोखराज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कोखराज इलाके के एक प्राइमरी स्कूल में तैनात सहायक अध्यापिका ने बताया कि पड़ोसी गांव स्थित जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक से उसकी दोस्ती थी। करीब दो साल पहले प्रधानाध्यापक ने शिक्षिका का अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वह वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए दो लाख रुपये की मांग करने लगा। शिक्षिका की मानें तो बदनामी के खौफ से काफी दिनों तक वह आरोपी की शारीरिक संबंध बनाने की मांग पूरी करती रही। दरिंदे ने हद पार करना शुरू किया तो पीड़िता ने जानकारी पति को दी। अध्यापिका की आपबीती सुन पति के होश उड़ गए। दो दिन पहले पीड़ित शिक्षिका ने एसपी को मामले से अवगत कराया। एसपी प्रदीप गुप्ता के निर्देश पर सोमवार को कोखराज पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वहीं कोखराज कोतवाली के इंस्पेक्ट राकेश सरोज का कहना है कि शिक्षिका की तहरीर पर एफआईआर लिखकर आरोपों की जांच की जा रही है। इसके बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।