विवाहिता से बर्बरता ससुरालियों को पड़ी मंहगी
मां की तहरीर पर आधा दर्जन लोगों पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पश्चिमशरीरा के जफरपुर महावां गांव में ब्याही युवती से बर्बरता करने वाले ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज हो गया है। विवाहिता के नाजुक अंगों में ससुरालियों ने तेजाब डाल दिया था। मंगलवार को पीड़िता की मां की तहरीर पर मंझनपुर पुलिस ने आधा दर्जन ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
करारी के चक हिंगुई गांव की समीना बानो का निकाह दो साल पहले जफरपुर महावां गांव में सरवर हुसैन से हुआ था। निकाह के दूसरे दिन से ही विवाहिता पर जुल्म ढाया जाने लगा था। पखवारे भर पहले गर्भवती विवाहिता के नाजुक अंगों में ससुराल वालों ने तेजाब डाल दिया। इससे गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर सोमवार को पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेटी के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मां समा बानो पत्नी जमाल उद्दीन को हुई तो वह परिजनों के साथ अस्पताल पहुंची। इस दौरान उन लोगों के साथ भी हाथापाई की गई। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार पांडेय के निर्देश पर मंझनपुर पुलिस ने आरोपी शौहर सरवर के साथ जेठ अनवर, सास तकरीनदुन, ननद समरीन, शरीन, देवर लतीफ समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।