कैशियर को लूटने में दो गिरफ्तार, चार पकड़ से दूर
अमर उजाला ब्यूरो
यमुनानगर। सीआईए-2 पुलिस ने जठलाना के गांव कंड्रौली में गैस एंजेंसी के कैशियर से गन प्वाइंट पर लूट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने 2015 में वारदात को अंजाम दिया था। मामले में अभी चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है।
सीआईए-2 इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि, उन्हें सूचना मिली थी कि जठलाना टी प्वाइंट पर दो युवक सदिंग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। सूचना पर एएसआई अशोक राठी के नेतृत्व में सुखदेव सिंह, सुभाष चंद, रणधीर की टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वर्ष 2015 में कंड्रोली के पास गैंस एजेंसी के कैशियर से की गई लूट की वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम उन्हेड़ी निवासी विशाल और अर्जुन सिंह बताया। आरोपियों ने अपने चार अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं।
ये है पूरा मामला
इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि 2015 में जठलाना थाने को सूचना मिली थी कि कंड्रोली के पास रादौर की एक गैस एजेंसी की ट्रैक्टर ट्रॉली गैस सिलेडर से भर कर जा रही थी। चालक ट्रैक्टर चला रहा था और एजेंसी का कैशियर उसके पास बैठा हुआ था। कैशियर के पास 59 हजार रुपये बैग में थे। इसी बीच आए बदमाशों ने कार आगे अड़ाकर उन्हें रोक लिया और कैशियर भूपेंद्र सिंह को देसी पिस्टल दिखाकर बैग छीनने लगे। विरोध पर लुटेरों ने देसी पिस्टल से उसपर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक ने भी उनका विरोध किया तो उस पर तलवार और डंडों से हमला कर दिया। आखिरकार नगदी लेकर जाने में कामयाब रहे।
अन्य आरोपियों को पकडने के लिए दी जा रही दबिश :
सीआईए -2 के इंचार्ज संदीप कुमार का कहना है कि लूट की वारदात को अंजाम देने में छह आरोपी थे, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। चार अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए जगह जगह दबिश दी जा रही है। जल्द ही अन्य को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।