पति की मौत के सदमे में महिला ने जहर खाकर दी जान
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के गरीब का पूरा गांव की घटना, मचा कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के गरीब का पूरा गांव की एक महिला ने मंगलवार दोपहर जहर खाकर जान दे दिया। आत्मघाती कदम उसने पति की मौत के सदमे में उठाया। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
गरीब का पूरा गांव की मीरा देवी (34) गृहणी थी। बताया जाता है कि होली के दिन संदिग्ध दशा में उसके पति चुर्रा की मौत हो गई थी। इसी के बाद से मीरा उदास रहने लगी थी। मंगलवार दोपहर परिवार के सदस्य खेत चले गए। इस दौरान मीरा ने घर पर रखा जहर खा लिया। खेत से लौटे परिवारीजनों ने मीरा को अचेत अवस्था में पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए। आननफानन परिवार वाले मीरा को नजदीकी निजी अस्पताल ले गए। जहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। पुलिस ने जांच के बाद मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
------
बालू परिवहन का अवरुद्ध किया रास्ता, शिकायत
चायल (ब्यूरो)। पिपरी के फरीदपुर औधन निवासी बादाम सिंह पुत्र शिवराम सिंह ने प्रयागराज के नौढ़िया और मझियारी घाट के पट्टाधारक के साथ कौशाम्बी में परिवहन का परमीशन ले रखा है। कुछ दिनों पहले उन्होंने घाट तक जाने के रास्ते के लिए गांव के ही किसानों से एक साल के लिए एग्रीमेंट तय किया था। आरोप है कि इधर बीच दो किसानों ने रुपया लेने के बाद भी अपनी जमीन में गड्ढा कर दिया है। जिससे वाहनों का आवागमन अवरुद्ध हो गया है। शिकायत करने पर वह लोग रास्ता देने से इंकार कर रहे हैं। रुपया वापस मांगने पर भी आनाकानी करते हैं। मंगलवार को बालू ठेकेदार ने थाने जाकर आरोपित दो किसानों के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।