मंझनपुर। ओवर लोड बालू लदे वाहनों के खिलाफ गुरुवार की रात खनन टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान पांच थानाक्षेत्रों में दस ओवरलोड वाहन मिले। पकड़े गए वाहनों को टीम के सदस्यों ने संबंधित थाने में बंद करा दिया है। सप्ताह में दो बार हुई कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा है तो घाटों पर वाहनों की संख्या घटने से पट्टेधारक भी सकते में आ गए हैं।
ओवरलोड वाहनों के खिलाफ गुरुवार की रात डीएम के निर्र्देश पर संबंधित एसडीएम, खान निरीक्षक कोतवालियों की पुलिस फोर्स के साथ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने सरायअकिल में तीन, पिपरी में तीन, महेवा में तीन व मंझनपुर के ओसा चौराहे से एक वाहन को ओवर लोड पाया। पकड़े गए सभी दस वाहनों को टीम के सदस्यों ने संबंधित थाने में बंद करा दिया। सप्ताह भर के भीतर दूसरी बार गुरुवार की रात सघन चेकिंग के बाद वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है। इससे पहले रविवार की रात डीएम के निर्देश पर हुई चेकिंग में टीम के सदस्यों ने 21 वाहनों को पकड़कर थाने में बंद कराया था। सप्ताह में दो बार हुई सघन जांच के बाद शुक्रवार को जहां वाहन चालकों में हड़कंप रहा वहीं घाटों पर वाहनों की संख्या घटने के बाद पट्टेधारक भी सकते में आ गए हैं।