मंझनपुर (ब्यूरो)। सैनी इलाके की एक किशोरी रविवार की शाम से संदिग्धदशा में लापता है। खेत की ओर गई किशोरी के अपहरण की आशंका जताते हुए बुधवार को भुक्तभोगी पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें गांव के ही दो युवकों पर अगवा करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके युवकों और किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी रविवार की शाम खेत की ओर गई थी। तभी से लापता है। देर तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजन खोजबीन में जुटे। इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने बताया कि शाम करीब 6 बजे दो युवक एक किशोरी को जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर ले गए हैं। इसका पता लगते ही घरवालों के होश उड़ गए। घटना की शाम से लेकर मंगलवार तक पूरा परिवार सभी संभावित स्थानों पर किशोरी की तलाश में भटकता रहा, लेकिन वह नहीं मिली।
बुधवार को भुक्तभोगी पिता ने सैनी कोतवाली में घटना की तहरीर दी। इसमें गांव के दो युवकों पर किशोरी को अगवा करके उठा ले जाने का आरोप लगाया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र ने बताया कि फौरी तौर पर मामला किशोरी को बहला-फुसलाकर युवक भगा ले जाने का लग रहा है। घटना की जांच के साथ किशोरी और दोनों युवकों की तलाश की जा रही है। किशोरी और युवकों के मिलने के बाद ही सच्चाई का पता चलेगा।