सरायअकिल थाना क्षेत्र के रसूलपुर सुकवारा गांव के एक अधेड़ की रविवार की रात संदिग्ध दशा में मौत हो गई। शाम अचानक अधेड़ की तबियत बिगड़ती देख घर वाले सर्प दंश की आशंका जताते हुए उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल के साथ ही झाड़-फूंक करने वाले के पास ले गए। देर रात अधेड़ की इलाज के दौरान सांसें थम गईं। सोमवार की सुबह सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर मृतक के साले से जहरीला पदार्थ खाने-खिलाने की आशंका जताई है। अधेड़ की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा है।
सरायअकिल थाना क्षेत्र के रसूलपुर सुकवारा गांव निवासी गनेश प्रसाद (45) पुत्र जीतलाल किसान है। पत्नी और बच्चे इलाहाबाद में रहते हैं। बताया जा रहा है कि रविवार शाम अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। अधेड़ की हालत बिगड़ती देख घबराए घर वाले पहले तो सर्प काटने की आशंका जताते हुए झाड़-फूंक करने वाले के पास ले गए, इसके बाद जब हालत में सुधार नहीं हुआ तो नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां देर रात इलाज के दौरान उसकी सांसें थम गईं। मृतक के साले ने जहरीला पदार्थ खाने में खिलाने की आशंका जताते हुए घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधेड़ की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा है। एसओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।