बारा। कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के भीखा गर्ग का पुरवा गांव के पास मंगलवार की दोपहर एक निजी बस के चालक-परिचालक को पीट दिया गया। इसके बाद हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक निजी बस सवारियां लेकर पश्चिमशरीरा से इलाहाबाद जा रही थी। रास्ते में भीखा गर्ग का पुरवा के पास पहुंचते पिकअप सवार तीन युवकों ने ओवरटेक कर बस रोक लिया। लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही तीनों युवकों ने ड्राइवर संजय यादव तथा परिचालक सत्य प्रकाश मिश्रा को खींचकर नीचे उतार लिया। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने ड्राइवर-कंडक्टर को डंडों से पीटना शुरू कर दिया। शोर पर स्थानीय लोगों को आते देख आरोपी पिकअप समेत फरार हो गए। घटना की सूचना यूपी-100 पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने पिकअप सवारों का पीछा किया। लेकिन कोई पकड़ा नहीं जा सका। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी। कोतवाल उमाशंकर यादव का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।