सत्ता की हनक में बेलगाम भाजपा नेता ने पुलिस चौकी में ही दरोगा को पीटा और वर्दी फाड़ दी। आरोप है कि वह एक हत्यारोपी की पैरवी में पहुंचे थे और चौकी इंचार्ज पर उसे गिरफ्तार न करने का दबाव बना रहे थे। चौकी इंचार्ज ने जब उनकी बात नहीं मानी तो आपा खो बैठे। एसपी प्रदीप गुप्ता के आदेश पर चौकी प्रभारी की तहरीर पर भाजपा नेता साजन मौर्या उनके भाई हिमांचल मौर्या एवं श्रवण मौर्या के साथ ही छह अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मंझनपुर कोतवाली के टेवां गांव निवासी साजन मौर्य भाजपा के जिला महामंत्री और जिला पंचायत सदस्य हैं। सप्ताह भर पहले उनके ही गांव के राजकुमार की संदिग्ध दशा में इलाहाबाद में मौत हो गई थी। मृतक के परिजनो ने गांव के ही एक युवक पर हत्या की आशंका जताते हुए मामले की शिकायत पुलिस अफसरों से करते हुए युवक के खिलाफ तहरीर दी थी। इस मामले की जांच चौकी प्रभारी टेवां रामजीत गौड़ कर रहे हैं। रविवार की शाम चौकी प्रभारी ने आरोपी युवक को पूछताछ के लिए बुलाया था। साजन मौर्य भी आरोपी के साथ चौकी पहुंच गए। आरोप है कि युवक को गिरफ्तारी से बचाने के लिए उन्होंने चौकी प्रभारी को रिश्वत देने की पेशकश की। रामजीत गौड़ ने जब इंकार किया तो तीखी झड़प शुरू कर दी और बात बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गई। चौकी प्रभारी का कहना है कि भाजपा नेता ने उनके साथ मारपीट कर वर्दी फाड़ दी और वायरलेस सेट भी तोड़ दिया। चौकी में इंचार्ज की पिटाई की खबर मिलते ही खलबली मच गई। सीओ समेत अन्य अफसर चौकी में पहुंच गए। भाजपा नेता के समर्थक भी जुट गए। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने चौकी इंचार्ज को मौके से हटाकर भीड़ को शांत किया। >> संबंधित पेज 3