टेवा। सदर कोतवाली के टेवा में मंगलवार की रात एक कारोबारी का घर चोर खंगाल ले गए। नगदी के साथ जेवरात आदि चोर उठा ले गए। घटना की जानकारी गृहस्वामी को सुबह हुई। मामले की सूचना टेवा चौकी पुलिस को दी गई। पूछताछ के नाम पर पुलिस पड़ोसियों को परेशान करती रही। इससे लोगों में आक्रोश है।
टेवा निवासी फूलचंद्र विश्वकर्मा फर्नीचर का कारोबारी है। घर में ही उसने दुकान खोल रखी है। मंगलवार की रात चोर सेंध लगाकर उसके घर में घुसे और आधा किलो चांदी, एक तोला सोना के जेवरत समेत दस हजार रुपया नगद पार कर दिया। सुबह चोरी की जानकारी हुई तो फूलचंद्र व उसके परिजनों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी टेवा चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस के आने पर मौके पर लोगों की खासी भीड़ इकट्ठा हो गई। मौका-मुआयना करने के बाद पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ की। पुलिस ऐसा बर्ताव कर रही थी, जैसे पड़ोसियों की ही घटना में भूमिका रही। इसको लेकर लोगों ने एतराज जताया है।