मंझनपुर। सदर कोतवाली के टेनशाह आलमाबाद गांव निवासी एक हिस्ट्रीशीटर अब पड़ोसियों से परेशान है। मछली पालन के लिए उसने तालाब का पट्टा लेकर सामान्य जिंदगी की राह पर चल पड़ा। इसके बावजूद पड़ोसी उसे तंग कर रहे हैं। बुधवार को उसने एसपी से शिकायत की।
गांव के कल्लू राम का किसी जमाने में अपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोल रखी है। एसपी प्रदीप कुमार गुप्ता को दिए शिकायती पत्र में कल्लू ने बताया कि वह अपराध जगत से बाहर निकल चुका है। पुलिस उसकी बराबर निगरानी भी कर रही है। आम जिंदगी जीने के लिए उसने गांव के एक तालाब की तहसील से नीलामी ली है। उस तालाब में उसने मछली पाल रखी है। कल्लू का आरोप है कि गांव के ही दो व्यक्ति व उनके परिवार के लोग उससे रंजिश रख रहे हैं। इसी वजह से आए दिन वे लोग उसे पत्थर मार कर उकसाते हैं। 27 जुलाई को व्यापारी विनोद मछली खरीदने आया था। इस पर उक्त महिलाओं ने पथराव कर दिया। घटना में व्यापारी का सिर फट गया। शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। एसपी ने मंझनपुर कोतवाल को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है।