सौरई बुजुर्ग गांव में तालाब की जमीन पर बने दो घरों को मंगलवार को नायब तहसीलदार ने जमींदोज करा दिया। तालाब पर कब्जा और मकान निर्माण की शिकायत 15 दिन पहले ग्रामीणों ने एसडीएम सिराथू से की थी। बताया जाता है कि सिराथू के सौरई बुजुर्ग के रहने वाले शिवमोहन और बाबूलाल ने तालाब की जमीन पर कब्जा करके मकान निर्माण करा रखा था। इसकी शिकायत गांव के कुछ लोगों ने पखवारेभर पहले एसडीएम से की थी।
एसडीएम ने मौके पर लेखपाल को भेजकर तालाब की जमीन की पैमाइश कराई। जांच में सामने आया कि दोनों व्यक्तियों के बने मकान तालाब की जमीन पर हैं। मंगलवार को एसडीएम ने नायब तहसीलदार श्याम कुमार को मय फोर्स गांव भेजकर तालाब की जमीन को कब्जामुक्त कराने की हिदायत दी। नायब तहसीलदार ने पुलिस की मदद से दोनो घरों को ढहवा दिया। इससे सार्वजनिक जमीन के अन्य कब्जेदारों के भी होश उड़ हुए हैं।