सऊदी अरब में बंधक बनाए गए सुनील साहू को उसके कफील ने पिटाई कर घर से निकाल दिया। अब वह अपना पासपोर्ट हासिल करने के लिए सऊदी की अदालत में पहुंचा है। कोर्ट में एक सप्ताह बाद की तारीख लगी है।
सैनी कोतवाली के बरीपुर शाखा गांव का सुनील साहू वर्ष 2016 में ड्राइवरी के लिए सऊदी के रियाद गया था। वहां पर उसके कफील ने चोरी के इल्जाम में जेल भेजवा दिया। सुनील का पासपोर्ट भी पुलिस थाने में जाम करवा दिया। जेल से छूटने के बाद वह पासपोर्ट लेने कफील के पास पहुंचा तो उसे बंधक बनाकर काम लिया जाने लगा। अक्सर मारपीट व खाना भी नहीं दिया जाता था। इस बाबत सुनील ने अपनी पत्नी शर्मिला को फोन पर आपबीती बताई तो उसने सांसद विनोद सोनकर से पति को मुक्त कराने की मांग की। सांसद ने विदेश मंत्रालय से सम्पर्क कर सुनील के रिहाई के लिए प्रयास शुरु किया। मामले में परिजनों ने खुद विदेश मंत्री को ट्वीट कर मामले की जानकारी दी। मंगलवार को सुनील ने अपनी पत्नी शर्मिला से फोन पर हुई बातचीत में बताया कि कफील ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। उसने कोर्ट में अर्जी देकर पासपोर्ट दिलाने की मांग की है। कोर्ट ने सभी पक्ष को बुलाने के लिए एक सप्ताह बाद की तारीख मुकर्रर की है। वह अब सऊदी की सड़को पर इधर-उधर भटक रहा है।