गांव में गठित टीम ने जीना दुश्वार कर दिया है। खुले में शौच जाने पर शुक्रवार की सुबह सरसवां ब्लाक के हिनौता गांव में टीम के सदस्याें ने एक परिवार को दौड़ाकर पीट दिया। गांव के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया। आरोप है कि शिकायत पर महेवाघाट पुलिस ने डांटकर थाने से भगा दिया। दोपहर बच्चों के साथ मंझनपुर पहुंची पीड़िता ने डीएम-एसपी से शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत द्वाबा को स्वच्छ बनाने के लिए जिला प्रशासन ने मुहिम छेड़ रखी है। खुले में शौच जाने वाले परिवार के लोगों पर शिकंजा कसने के लिए गांव-गांव सीएलडीएस की टीम बनाई जा रही है। सरसवां ब्लाक के हिनौता गांव की रहने वाली गुजरिया देवी पत्नी श्यामलाल ने बताया कि वह गरीब है। मजदूरी करके परिवार की जीविका चलाती है। घर में शौचालय बनवाना तो दूर निवाले के लिए कभी-कभी कोई इंतजाम नहीं होता है। ऐसे में उसे परिवार के साथ बाहर खुले में शौच जाना पड़ता है। आरोप है शुक्रवार सुबह वह बेटी नेहा और श्वेता के साथ खेत की ओर गई थी। इसी दौरान गांव में गठित टीम के सदस्य ने उसे और बच्चों को दौड़ाकर पीट दिया। आरोप है कि शिकायत पर महेवाघाट पुलिस ने पीड़ित परिवार को थाने से भगा दिया।