दो दिन बाद तीसरे दिन भी रुपये न देकर ग्राहकों को वापस करने पर पूरामुफ्ती के महगांव में सुबह हंगामा हो गया। बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के खाताधारकों ने जीटी रोड जामकर हंगामा किया। इसी बीच एक बाइक में गिट्टी लदी ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे गुस्साए लोगों ने चालक को पीटकर पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया। दोपहर बाद मैनेजर करीब चार लाख कैश लेकर मुख्यालय से पहुंचे तो स्थिति सामान्य हुई।
बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा महगांव में दो दिन से कैश नहीं बंट रहा था। बैंक मैनेजर गिरधारी लाल ने ग्राहकोें को बताया था कि शुक्रवार को कैश आएगा। इसी आश्वासन पर बैंक शाखा में सुबह करीब नौ बजे से ही ग्राहकों की लंबी लाइन लग गई थी। दौ से अधिक लोग रुपये निकालने के लिए पहुंच चुके थे। करीब साढ़े दस बजे बैंक मैनेजर ने कैश न होने की जानकारी दी तो ग्राहक भड़क गए। उन्होंने जबरन बैंक मैनेजर व कैशियर अमित कुमार को बैंक से बाहर निकाला और ताला बंद कर लिया। इसके बाद कानपुर-इलाहाबाद हाईवे पर लोगों ने चक्काजाम कर दिया। इससे हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। इसी बीच मलाक गांव निवासी मो. साद की बाइक में गिट्टी लादकर इलाहाबाद जा रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में मो. साद तो बच गया, लेकिन उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। इससे नाराज लोगों ने ट्रक चालक फजल निवासी सहावपुर थाना नवाबगंज (इलाहाबाद) को नीचे उतारकर बेरहमी से पीटा। इसबीच लोगों ने पथराव कर ट्रक समेत करीब छह वाहनों के शीशे तोड़ दिए। सूचना पर पूरामुफ्ती एसओ धर्मेंद्र सिंह कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे। लोगों को किसी तरह शांत कराया। बैंक मैनेजर से उन्होंने बातचीत की और कैश मंगवाने को कहा। दोपहर करीब एक बजे बैंक मैनेजर गिरधारी लाल चार लाख का कैश लेकर जिला मुख्यालय से बैंक पहुंचे तो स्थिति सामान्य हुई।