पश्चिमशरीरा। इलाके के कोरीपुर गांव में रविवार सुबह एक युवक ने अपनी मां और भतीजी को जान से मारने का प्रयास किया। वह भतीजी की शादी का विरोध कर रहा है। पीड़िता ने आरोपी पुत्र के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी है।
कोरीपुर निवासी संतोष कुमारी मिश्रा पत्नी स्व. रामचंद्र ने बताया कि उसके बेटे जयराम की बेटी देविका का अभी हाल ही में विवाह तय हुआ है। दूसरा बेटा इस रिश्ते से सहमत नहीं है। वह किसी भी कीमत पर शादी तोड़वाना चाहता है। पीड़िता की मानें तो रविवार सुबह आरोपी बेटा देविका को बेरहमी से पीट रहा था। उसने देविका के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ कई बार किए। यह देख बीच बचाव करने पहुंची तो उसको भी पीटा। इसके बाद जान से मारने की नीयत से गला दबा दिया। ग्रामीणों ने बीच बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। मामले में पश्चिमशरीरा इंस्पेक्टर राकेश सरोज का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।