कौशाम्बी थाना क्षेत्र के कायमपुर गांव में गुरुवार रात मां कालका देवी मंदिर में पूजा-पाठ करने जा रहे श्रद्धालुओं से गांव के एक व्यक्ति ने मारपीट की। विरोध करने पर दबंग ने बंदूक सटा दी। 100-डॉयल पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। कौशाम्बी थाने की पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटना से गांव में तनाव है।
कायमपुर निवासी रामहित पुत्र रंजीत के मोहल्ले के लोग गुरुवार रात करीब आठ बजे गांव के बाहर स्थित कालका देवी मंदिर में पूजा-पाठ करने जा रहे थे। श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ मां अम्बे कर जयकारा लगा रहे थे। जैसे ही वह गांव के ही रामू पुत्र हरिश्चंद्र के दरवाजे पर पहुंचे तो उसने विरोध कर दिया। रामू का कहना था कि उसके दरवाजे पर जयकारा नहीं लगेगा, न ही बाजा बजेगा। इससे श्रद्धालु खफा हो गए। उन्होंने इसका विरोध किया। इससे नाराज रामू घर के भीतर से दो नाली बंदूक निकाल आया और रामहित को सटा दिया। इससे अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद रामू ने अपने साथी गनेशदीन और सविता की मदद से रामहित को पीट दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर 100-डॉयल की टीम पहुंची। पुलिस ने रामू, गनेशदीन और सविता को हिरासत में लिया और कौशाम्बी थाने की पुलिस को सुपुर्द कर दिया। रामहित की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।