जिला कारागार में पत्नी की हत्या के आरोप में निरुद्ध बंदी रावेंद्र ने शुक्रवार को सीएमओ के सामने अपने हाथ-पैर की नस काट ली। खून से लथपथ बंदी को देख सीएमओ के होश उड़ गए। सीएमओ के सूचना देने पर डीएम व एसपी जेल पहुंचे। बंदी ने सप्ताह भर के भीतर दूसरी बार खुद को लहूलुहान किया है। जांच पड़ताल के बाद बंदी को कड़ी सुरक्षा के बीच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीएमओ जेल अस्पताल में भर्ती बंदी को देखने गए थे।
महेवाघाट कोतवाली क्षेत्र के उमरावां निवासी रावेंद्र कुमार (27) पुत्र रामदास ने डेढ़ साल पहले पत्नी सरोजा देवी का कत्ल कर दिया था। पत्नी की हत्या के बाद से वह जिला कारागार मेें निरुद्ध है। परिजनों के पैरवी न करने से वह गुमसुम रहता था। 15 अप्रैल को रावेंद्र ने चाकू से अपने हाथ व पैर की नस काट ली थी। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल से इलाहाबाद के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सर्जरी के बाद उसे जिला जेल के अस्पताल वापस लाया गया। जेल में आने के बाद से ही रावेंद्र उपद्रव कर रहा था। वह अपने हाथ-पैर की बंधी पट्टियों को खोलकर फेंक देता था। अस्पताल का स्टॉफ रावेंद्र से परेशान था। जानकारी होने पर शुक्रवार को सीएमओ डॉ. एसके उपाध्याय जेल अस्पताल पहुंचे। सीएमओ को देखते ही रावेंद्र उग्र हो गया और पट्टी काटने वाली ब्लेड से उसने अपने हाथ-पैर की दोबारा नस काट ली। वह लहूलुहान होकर तड़पने लगा तो सीएमओ के होश उड़ गए। सीएमओ ने इसकी जानकारी डीएम अखंड प्रताप सिंह को दी। डीएम जेल पहुंचे। जांच के बाद बंदी को कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।