रंजिश में सोमवार शाम दारानगर के एक व्यक्ति ने पड़ोसन पर हमला कर दिया। डंडे से उसकी जमकर पिटाई की। इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। गांववालों को आते देख हमलावर धमकाते हुए भाग निकला।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के दारानगर गांव की रहने वाली सोनम देवी पुत्री छोटेलाल घर के सामन ठेला लगाकर दाना भूनने का काम करती है। उसका गांव के ही एक व्यक्ति से रंजिश है। इसे लेकर कई बार इनके परिवारों के बीच कहासुनी, हाथापाई हो चुकी है। सोमवार शाम को भी इनके बीच कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि करीब आधे घंटे बाद ही पड़ोसी उसके घर पहुंचा। डंडा लेकर आए पड़ोसी ने बरामदे में बैठी विवाहिता को पीटना शुरू कर दिया। उसने पीटकर लहूलुहान कर दिया। विवाहिता अधमरी हो गई।
पड़ोसी की पिटाई से जख्मी विवाहिता थाने पहुंची। आरोप है कि पुलिस ने उसे डांटकर भगा दिया। इलाकाई पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से परेशान विवाहिता ने मंगलवार को मंझनपुर आकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसपी ने एसओ सैनी को जांच करके कार्रवाई का निर्देश दिया है।