चरवा। चरवा दक्षिण थोक गांव में मंगलवार शाम जमीन के विवाद में पट्टीदारों ने एक परिवार के चार सदस्यों की पिटाई कर दी। इसके बाद घर में आग लगा दी। आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में कार्रवाई नहीं की। इसकी वजह से उन्होंने बुधवार को पीड़ित की पत्नी की घर में घुसकर पिटाई कर दी।
चरवा दक्षिण थोक निवासी विश्वरूप ने बताया कि कोखराज कोतवाली क्षेत्र के बिसारा गांव में रहने वाला उसका पट्टीदार अशोक कुमार पुलिस विभाग में आरक्षी है। पीड़ित का आरोप है कि अशोक उसकी भूमि पर कब्जा किए हुए है। हिस्सा मांगने पर वह और उसके बेटे अपशब्द कहते हैं। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। बताया कि मंगलवार शाम अशोक, उसकी पत्नी गीता, बेटे अंकित व आनंद ने घर पर चढ़कर गाली-गलौच करना शुरू कर दिया। ऐतराज जताने पर पिटाई कर दी। विश्वरूप को पिटता देख उसकी पत्नी सविता, बेटी प्राची और भयाहू रीतू बीच-बचाव करने पहुंचीं तो इनको भी पीटा गया। इसके बाद हमलावरों ने घर में आग लगा दी। ग्रामीणों ने मामला शांत कराया। साथ ही आग भी बुझाई। आरोप है कि बुधवार को आरोपियों ने फिर से घर पर चढ़कर विश्वरूप की पत्नी गीता को पीट दिया। इल्जाम है कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में केस नहीं दर्ज किया है। मामले में पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता का कहना है कि घटना उनके संज्ञान में नहीं है। जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।