सरायअकिल/नेवादा। चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में सरायअकिल पुलिस ने शनिवार को नौ और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सभी को जेल भेज दिया है। डीएम-एसपी ने भी गांव का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने एसडीएम को तालाब से कब्जा हटवाने का निर्देश दिया।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के चंदूपुर अमरायन गांव में गुरुवार सुबह खड़ंजा निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हुआ था। इस दौरान गोली लगने से प्रधान के भाई रामलखन और विपक्षी ईश्वरशरण की मौत हो गई थी। मामले में नामजद किए गए आठ आरोपियों को शुक्रवार को ही पुलिस ने जेल भेज दिया। इसके बाद रातभर दबिश दी गई। सुबह तक प्रधान पक्ष के भोला प्रसाद पुत्र श्रीकांत, सुनील कुमार पुत्र कुंवर नंदन, दिलीप कुमार पुत्र अम्बिका, राजेश कुमार पुत्र भोला, हरिश्चन्द्र पुत्र भारती शरण, छोटेलाल पुत्र श्रीकांत, उमेश कुमार पुत्र भोला व दूसरी तरफ से भोला उर्फ पोट्टर, शिवनंदन पुत्र शिव प्रसाद तथा रामसिंह उर्फ छोटू पुत्र श्रीपाल को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी को जेल भेज दिया गया है। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और एसपी प्रदीप गुप्ता भी गांव पहुंचे। पूछताछ में पता चला कि तालाब की भूमि पर खड़ंजे का निर्माण कराया जा रहा था। इसके बाद डीएम ने एसडीएम चायल को तत्काल पैमाइश कराकर तालाब कब्जामुक्त कराने का निर्देश दिया।