फतेहपुर के एक युवक की लाश शनिवार सुबह सैनी के बगहा गांव के समीप बाग में पेड़ से लटकती मिली। तीन दिन पहले वह बहन के घर जाने के लिए निकला था। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
फतेहपुर जिले के अमवां गांव निवासी अशर्फीलाल (40) 15 फरवरी की शाम घर से बहन के यहां खखरेरू के रजईपुर गांव जाने के लिए निकला था। शनिवार की सुबह अशर्फीलाल की लाश सैनी कोतवाली के बगहा गांव के समीप बाग में पेड़ से लटकती मिली। खेत की ओर गए गांव के लोग लाश देख सन्न रह गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी। रोते-बिलखते घर वाले घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन हत्या कर शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगा रहे हैं। मामले में सैनी कोतवाल समीर सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। युवक की मौत से परिजनाें में कोहराम मचा हुआ है।