मंझनपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में अब जन्म-मृत्यु पंजीकरण व प्रमाण पत्र के लिए सीआरएस पोर्टल का इस्तेमाल किया जाएगा। वर्तमान में ग्राम पंचायतों व ब्लॉक स्तर से यह पंजीकरण ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। डीपीआरओ ने इस संबंध में सभी ब्लॉक व ग्राम पंचायत स्तरीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
केंद्र सरकार की ओर से सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम के तहत जन्म मृत्यु पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। इस व्यवस्था के लागू होने के बाद प्रदेश में पंजीयन का औसत कम प्रदर्शित होने का कारण विभिन्न पोर्टल से जन्म मृत्यु पंजीकरण कार्य होना सामने आया है। अब स्वास्थ्य मंत्रालय नागरिक पंजीयन प्रणाली के तहत सीआरएस में हुए पंजीकरण के आधार पर राज्यों का मूल्यांकन किया जा रहा है।
इसके चलते शासन ने 31 जनवरी से जन्म मृत्यु पंजीकरण के लिए ई डिस्ट्रिक्ट व ई नगर सेवा को पूरी तरह से बंद करने के निर्देश दिए हैं। शासन ने निर्देश दिए है कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सभी पंजीयन इकाइयां सीआरएस पोर्टल के माध्यम से जन्म मृत्यु का पंजीकरण प्रमाण पत्र जारी करेंगी। इस संबंध में डीपीआरओ ने सभी ब्लॉक स्तरीय व ग्राम पंचायत स्तरीय अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। पोर्टल के लिए सभी ग्राम पंचायत अधिकारियों की यूजर आईडी जनरेट की जाएगी। डीपीआरओ गोपाल जी ओझा ने बताया कि अब 31 जनवरी के बाद इसी पोर्टल के माध्यम से जन्म मृत्यु पंजीकरण कर प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।