मंझनपुर। कोरोना वक्सीन का संकट लगातार बना हुआ है। शुक्रवार को एक तिहाई सत्र आयोजित करने के बावजूद दोपहर में ही वैक्सीन खत्म हो गई। नतीजतन लोग बिना टीका लगवाए ही वापस लौट गए।
तीन दिन पहले जिले को 9700 डोज वैक्सीन मिली थी। डिमांड के बावजूद बृहस्पतिवार को वैक्सीन की नई खेप नहीं मिली। जिला वैक्सीनेशन स्टोर में सिर्फ 2000 डोज बचने के कारण केवल 21 स्थानों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। इसके बावजूद कई केंद्रों पर दोपहर में ही वैक्सीन खत्म हो गई। नतीजतन लोग बगैर टीका लगवाए ही वापस लौट गए सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि शाम पांच बजे तक 1393 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज तथा 459 को दूसरी डोज लगाई जा सकी है। हालांकि शाम को 3700 डोज वैक्सीन आ गई है। इसलिए सोमवार को जिले भर में 37 स्थानों पर सत्र आयोजित किया जाएगा।