कोरोना: पुलिसकर्मियों को दूसरों से ज्यादा साथियों से डर
महकमे में तेजी से बढ़ी रही है संक्रमितों की संख्या, अब तक आठ हुए पॉजिटिव
एक-दूसरे के संपर्क में आने से परहेज करने लगे हैं दरोगा और सिपाही
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। पुलिस महकमे में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिले में 10 दिन के भीतर पांच दरोगा और तीन सिपाहियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। इसे लेकर खाकी वाले सहमे हुए हैं। आलम यह है कि वे आपस में एक-दूसरे के संपर्क में आने से भी परहेज करने लगे हैं। उधर, एसपी ने भी मातहतों को एहतियात के साथ काम करने की सलाह दी है।
कौशाम्बी में पुलिस विभाग की बात करें तो सबसे पहले एसओजी व सदर कोतवाली के दो उपनिरीक्षकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद संपर्क में आने वालों का स्वाब सैंपल जांच की खातिर भेजा गया तो एसओजी और सर्विलांस सेल के दो सिपाही संक्रमित मिले। छुट्टी से लौटे पश्चिमशरीरा के एक सिपाही तथा एक दरोगा को भी कोरोना ने अपनी चपेट में ले रखा है। इसी बीच शनिवार-मंगलवार को आई रिपोर्ट में सैनी व पूरामुफ्ती के दो दरोगा भी पॉजिटिव निकल आए। तेजी से बढ़ते हुए संक्रमण के खतरे को देखते हुए पुलिस कर्मचारी दहशत में हैं। सभी को इस बात को डर है कि कहीं वह भी वायरस का निशाना नहीं बन जाए। स्थिति यह हो गई है कि अपने हल्के में एक ही बाइक से साथ निकलने वाले दरोगा-सिपाही अब अलग-अलग वाहनों से चलने लगे हैं। कोतवाली में रहने के दौरान भी खाकी वाले एक-दूसरे के संपर्क में आने से बचते नजर आते हैं। दफ्तर में एक बार में दो से ज्यादा दरोगा-सिपाही घुसने की हिम्मत नहीं करते। जवान आम जनता से भी दूरी ही बनाए रहते हैं। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले दर्जनों पुलिस कर्मचारियों की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। जिनकी सैंपलिंग हुई है, उनकी धड़कन और बढ़ी हुई है। वहीं एसपी अभिनंदन का कहना है कि पुलिस कर्मचारी धैर्य से काम लें। संक्रमण से ईमानदारी के साथ जंग लड़ें। इस दौरान अपनी सेहत का भी पूरा ध्यान रखें।