सैनी कोतवाली क्षेत्र के भोला चौराहे के पास नेशनल हाईवे पर रविवार देर शाम संविदा विद्युत कर्मचारी को ट्रक ने कुचल दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
अजुहा कस्बे के वार्ड नंबर छह निवासी पुष्पेंद्र यादव (20) पुत्र रामचंद्र यादव, सिराथू रेलवे स्टेशन स्थित पावर हाउस में संविदा कर्मचारी था। वह दो भाइयों में छोटे था। परिजनों के अनुसार, रविवार शाम ड्यूटी से लौटते समय भोला चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पुष्पेंद्र को कुचल दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल पुष्पेंद्र को स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस 108 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।