कड़ाधाम के दारानगर कस्बे में चेकिंग करने गई बिजली विभाग की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया गया। आरोप है कर्मचारियों की पिटाई करने के साथ ही जेई से अभद्रता भी की गई। जेई की तहरीर पर पुलिस घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
विद्युत उपकेंद्र दारानगर के अवर अभियंता राजपत ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर वह लाइनमैन कमलजीत, मो. हसन, अमन कुमार, आकाश यादव, बृजमोहन के साथ स्थानीय बाजार में राजस्व वसूली व बिजली चोरी की जांच के लिए गए थे। इस दौरान महीने भर पहले बिजली चोरी के मामले में की गई कार्रवाई से नाराज एक युवक गाली गलौज करते हुए कर्मचारी कमलजीत के साथ मारपीट करने लगा।
टीम के अन्य साथियों ने विरोध किया तो आरोपी ने तीन अन्य साथियों को बुलाकर सभी कर्मचारियों के साथ मारपीट की। मना करने पर उनके साथ भी अभद्रता की। थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि जेई की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। जांच-पड़ताल के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।