Contestant student dies due to uncontrolled vehicle collision
- फोटो : KAUSHAMBI
चायल। चरवा कोतवाली के भैरवभींटी गांव के समीप सोमवार शाम प्रयागराज से आ रहे बाइक सवार प्रतियोगी छात्र को बेकाबू वाहन ने टक्कर मार दिया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस को पहचान पत्र के आधार पर मृतक की शिनाख्त हुई। उधर, परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंझनपुर कोतवाली के असकरनपुर मंगरोहनी गांव निवासी निर्भय कुमार विश्वकर्मा मजदूरी करते हैं। निर्भय का बेटा अरविंद (24) प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता था। सोमवार शाम अरविंद बाइक से घर आ रहा था। शाम करीब सात बजे जैसे ही वह चरवा के भैरवभींटी गांव के समीप प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर पहुंचा किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक में मार दिया। हादसे में अरविंद की मौके पर ही तड़पकर मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की तलाशी ली तो जेब में रहे आईडीकार्ड से उसकी पहचान हो सकी। पुलिस की सूचना पर परिवार के लोग भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।