निर्माणाधीन राम वनगमन मार्ग पर कार्यों की धीमी रफ्तार स्थानीय व्यापार को प्रभावित कर रही है। टेंवा के महेवा रोड, पश्चिमशरीरा और धाता रोड सहित आसपास के बाजारों में रोजाना यातायात बाधित रहता है। मार्ग चौड़ीकरण और निर्माण सामग्री के ढेर दुकानदारों के लिए मुसीबत बन गए हैं।
व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से चल रहे निर्माण कार्य ने उनकी आमदनी पर गहरा असर डाला है। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और मिट्टी के ढेर होने से ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है। वहीं भारी जाम के कारण लोग बाजार तक आने से कतराने लगे हैं।
दुकानदारों ने बताया कि पहले त्योहारों के सीजन में ग्राहकों की अच्छी भीड़ रहती थी पर अब सन्नाटा छा गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण जरूरी है लेकिन काम की धीमी गति ने परेशानी बढ़ा दी है। यदि कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाते तो व्यापार प्रभावित नहीं होता।
धूल-मिट्टी और अव्यवस्थित यातायात ने न सिर्फ कारोबारियों बल्कि राहगीरों के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। व्यापारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्यों की गति तेज की जाए। साथ ही निर्माण सामग्री को व्यवस्थित ढंग से रखा जाए ताकि आमजन और व्यापारियों दोनों को राहत मिल सके।
जनवरी-फरवरी से दुकान बंद, भुखमरी की कगार पर पहुंचे
टेंवा बाजार के मिठाई व्यापारी धर्मेंद्र मोदनवाल ने बताया कि उनकी दुकान जनवरी-फरवरी से बंद है जिससे वे भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। वहीं सीता देवी का कहना है कि मकान टूट जाने से व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बच्चों की किताबें और फीस की व्यवस्था करना तक मुश्किल हो गया है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे।
काम को जल्द पूरा करने का निर्देश डीएम हर बार बैठक में देते हैं। कुछ दिनों की समस्या है। जल्द ही टेंवा का कार्य पूरा करा लिया जएगा।
- हरबंश सिंह, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
धर्मेंद्र मोदनवाल।