मंझनपुर। किसानों की अनदेखी और भ्रष्टाचार को लेकर बुधवार को कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मंझनपुर समेत जिले के विभिन्न हिस्सों में नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतरे पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह प्रधानमंत्री मोदी का पुतला जलाया।
बेमौसम की बारिश से तबाह हुए किसानों को भरपूर मदद नहीं दिए जाने, मध्यप्रदेश के व्यापम घोटाले और ललित मोदी प्रकरण पर प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी को मुद्दा बनाकर कांग्रेस सड़क पर उतर आई है। इसी क्रम में बुधवार को प्रदेश कमेटी के आह्वान पर बुधवार को कौशाम्बी में भी जगह-जगह प्रदर्शन किया। जनपद मुख्यालय मंझनपुर में जिलाध्यक्ष तलत अजीम की अगुवाई में नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतरे पार्टी कार्यकर्ताओं ने डायट मैदान से मंझनपुर अस्पताल तक जुलूस निकाला। मंझनपुर चौराहे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष ने कहाकि केंद्र सरकार पूंजीपतियों के हाथ खेल रही है। यही कारण है कि किसानों की अनदेखी की जा रही है। जिसका विरोध सड़क से संसद तक कांग्रेस करेगी। इसी तरह सिराथू, चरवा, मूरतगंज, कौशाम्बी, कड़ा, भरवारी, पिंडरा आदि बाजारों में भी कांग्रेसियों ने प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला जलाया। इस मौके पर जिला प्रभारी मनीष मिश्र, सहप्रभारी आशीष पांडेय, रघुनाथ द्विवेदी, पुष्पराज शुक्ल, वीरेंद्र गौतम, फरमान अहमद, विष्णुदत्त ओझा, बरसातीलाल पंडा, सरफराज आलम, मोहम्मद शाहिद सिद्दीकी, मोहम्मद सफीक, आशीष मिश्र, पुष्पराज पांडेय, रविप्रकाश, हेमंत रावत, युगुल किशोर, विजमा केसरवानी, दीपक पांडेय, अंशुल केसरवानी, श्याममूर्ति, लालचंद्र, विनय मिश्र, शशिप्रताप, अभिषेक शर्मा, विनोद सिंह, सोनू पांडेय आदि मौजूद रहे।