भू-अभिलेख में हेराफेरी करके पट्टे की जमीन का रकबा बढाने में सदर तहसील में तैनात कंप्यूटर आपरेटर और जालसाज दोनों फंस गया है। राजस्व अभिलेखागार के प्रभारी लेखपाल ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को देते हुए दोनों के खिलाफ मंझनपुर कोतवाली में तहरीर दे दी है। एसओ मंझनपुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बताया जाता है कि सदर तहसील क्षेत्र के शाहपुर टिकरी गांव के रहने वाले धर्म नारायण पुत्र बचईलाल को दस साल पहले खेती के लिए एक बीघा जमीन का पट्टा दिया गया था। आरोप है कि मंझनपुर तहसील के राजस्व अभिलेखागार में संविदा पर तैनात कंप्यूटर आपरेटर से सांठ-गांठ करके इस व्यक्ति ने अभिलेख में हेराफेरी कराकर पड़ोसी की भूमिधरी जमीन का रकबा भी अपनी जमीन में दर्ज करा लिया है।
अभिलेखागार प्रभारी लेखपाल ज्ञानसिंह ने बताया कि खतौनी में हेराफेरी करते हुए करीब आठ बीघा जमीन का रकबा बढ़ाया गया है। गांव के ही एक व्यक्ति की शिकायत पर जब इसकी जांच की गई, तो कम्प्यूटर आपरेटर और पट्टाधारक की यह जालसाजी सामने आई। अभिलेखागार प्रभारी ने बताया कि उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार समेत अन्य अफसरों को इससे अवगत करा दिया है। साथ ही तहसीलदार के निर्देश पर लेखपाल ने सोमवार को जालसाज के साथ ही कंप्यूटर आपरेटर के खिलाफ मंझनपुर कोतवाली में तहरीर दे दी है।
मामले में एसओ ने बताया कि तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तफ्तीश के बाद रिपोर्ट दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम नरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने अभिलेखागार प्रभारी को रिपोर्ट दर्ज करवाने का निर्देश दे रखा है।